रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, शातिर वाहन चोर प्रदीप डोंगरे गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस लगातार वाहन चोरों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक शातिर चोर प्रदीप डोंगरे को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी प्रदीप डोंगरे रायगढ़ के साथ-साथ ओडिशा के बलांगीर जिले में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार था। पुलिस उसे काफी समय से खोज रही थी।
कोतवाली थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 और 2024 में दर्ज तीन वाहन चोरी के मामलों में उसकी तलाश थी। इनमें जिला अस्पताल से एक्टिवा CG13AQ0841, कोतरारोड शीतला मंदिर से APE सिटी ऑटो CG13W6671 और रामभांठा क्षेत्र से एक्टिवा CG15DP8807 तथा एक पर्स चोरी हुए थे। पर्स में नकदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और पेन कार्ड था।
इस बीच, उड़ीसा की लुईसिंघा पुलिस ने एक मामले में आरोपी आकाश नंद को पकड़ा, जिसने पूछताछ में बताया कि रायगढ़ में हुई चोरियों को उसने प्रदीप डोंगरे के साथ मिलकर किया था। उसकी जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने बापूनगर इलाके में दबिश देकर प्रदीप डोंगरे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में प्रदीप ने तीनों चोरी की घटनाएं स्वीकार कीं। उसने बताया कि चोरी किए वाहन और पैसों को उसने बेच या खर्च कर दिया। आरोपी की उम्र 27 साल है और वह मूलतः बलांगीर जिले का निवासी है, लेकिन फिलहाल रायगढ़ के बापूनगर में रह रहा था।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं उसका साथी आकाश नंद अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है।





