होली पर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल अलर्ट, 24 घंटे चालू रहेंगी इमरजेंसी सेवाएं

होली पर्व को देखते हुए रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी की गई है। त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।
अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार और अस्पताल अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार मिंज ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। शासकीय अवकाश के कारण 4 मार्च को ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे निर्बाध रूप से संचालित की जाएंगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आपातकालीन विभाग में जीवनरक्षक दवाओं और आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। क्लीनिकल विभागों के विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों को इमरजेंसी ड्यूटी के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा गार्डों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सिक्योरिटी सुपरवाइजर को अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया है।
आपात स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद भी ली जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहार के दौरान मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।





