भूपेश बघेल पर राधिका खेड़ा का हमला: “सीएम की पत्नी पर टिप्पणी महिला-विरोधी मानसिकता”

रायपुर। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं राधिका खेड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी को लेकर भूपेश बघेल की टिप्पणी बेहद गलत है और यह कांग्रेस की महिला-विरोधी सोच को दिखाता है।
राधिका खेड़ा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ जुबान फिसलने या सामान्य राजनीतिक बयान का नहीं है, बल्कि सीधा-सीधा व्यक्तिगत और महिला विरोधी टिप्पणी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जाने के बाद कांग्रेस की असली मानसिकता सामने आ रही है।
अपने पोस्ट में राधिका खेड़ा ने लिखा, “मंच से CM विष्णुदेव साय जी की पत्नी पर निजी टिप्पणी करना निंदनीय है। यह कांग्रेस की महिला-विरोधी मानसिकता का उदाहरण है।” उन्होंने भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता गंवाने के बाद बौखलाहट में है।
राधिका खेड़ा द्वारा साझा किया गया वीडियो बिलासपुर का बताया जा रहा है, जिसमें भूपेश बघेल गार्डन निर्माण पर सवाल उठाते दिख रहे हैं। वीडियो में बघेल कहते हैं– “गार्डन बनाने की क्या जरूरत है? क्या यह मोहल्ले वालों की मांग है? क्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी पत्नी रोज वहां घूमने आते हैं?”
इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राधिका खेड़ा ने कहा कि किसी की पत्नी पर इस तरह का सवाल उठाना सभ्य राजनीति के खिलाफ है। मामला अब राजनीतिक गलियारों में गरमाया हुआ है।





