नगर निगम की तैयारी पर सवाल, बरसात से पहले भी जलसंकट बरकरार!

बिलासपुर:बरसात का मौसम करीब आते ही नगर निगम ने सफाई और नालों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। महापौर खुद हर दिन अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रही हैं और साफ-सफाई की स्थिति को देख रही हैं। जहाँ भी कमी मिल रही है, वहां तुरंत अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
लेकिन दूसरी तरफ शहर के कई इलाकों में अब भी पानी की भारी किल्लत है। खासकर वार्ड क्रमांक 52, 67 और नए परिक्षेत्रों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। टैंकर तो भेजे जा रहे हैं, लेकिन उससे भी लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही। स्थानीय पार्षद और लोग बार-बार नगर निगम के दफ्तर पहुंच कर शिकायत कर रहे हैं।
निगम कहता है कि पानी की कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन अगर ऐसा है तो टैंकर क्यों भेजे जा रहे हैं? और अगर टैंकर भेजे जा रहे हैं, तो फिर जनता को बार-बार शिकायत क्यों करनी पड़ रही है?
हर साल की तरह इस बार भी निगम की तैयारियाँ सिर्फ कागजों पर दिख रही हैं। बारिश आते ही नालियों का ओवरफ्लो और सड़कों पर जलभराव की समस्या सामने आती है। साफ है कि निगम के दावों और जमीन की सच्चाई में बड़ा फर्क है।
क्या इस बार कुछ बदलेगा? या फिर बरसात के साथ फिर वही परेशानियाँ लौटेंगी?





