कांग्रेस पर बरसे विधायक पुरंदर मिश्रा: कहा – ‘केवाईसी पर आपत्ति है तो चुल्लूभर पानी में डूब मरे कांग्रेस’

रायपुर। महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी अनिवार्य करने पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “आरोप लगाना कांग्रेस का जन्मसिद्ध अधिकार है। सरकार अच्छा काम करे, तब भी उन्हें आपत्ति दर्ज करानी होती है।”
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि केवाईसी एक सामान्य प्रक्रिया है और इसमें किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर कांग्रेस को इस पर आपत्ति है तो उन्हें चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए।” उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से महतारी वंदन योजना की राशि पूरी तरह से दी जा रही है और सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है।
‘भाजपा किसान हितैषी सरकार है’
धान खरीदी को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पुरंदर ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी है। “जो तारीख तय की गई है, उसी तारीख को खरीदी शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सब ठीक होगा,” उन्होंने कहा।
नक्सल विरोधी अभियान पर कांग्रेस को घेरा
विधायक पुरंदर ने गृहमंत्री विजय शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नक्सली कमांडरों की माताओं से मिलकर उन्हें पुनर्वास का भरोसा दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस की 8 साल की सरकार में एक भी बड़ा नक्सली आत्मसमर्पण नहीं किया। कांग्रेस नक्सलियों से मिलकर छत्तीसगढ़ को बर्बाद करना चाहती थी।”
‘जहां अपराध हुए, वहां कांग्रेस लिप्त’
दिल्ली बम धमाके पर कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार पर सवाल उठाने पर पुरंदर मिश्रा ने कहा, “भाजपा सरकार में आतंकवाद और नक्सलवाद सिर नहीं उठा सकते। जहां भी अपराध हुए हैं, वहां कहीं न कहीं कांग्रेसियों की भूमिका रही है। कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”





