महासमुंद में मजदूरों का वेतन और सुरक्षा की मांग पर धरना

महासमुंद। जिले के बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फ्लोटेक्स सोलर प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले सैकड़ों मजदूरों ने अनियमित वेतन, कम मजदूरी, सुरक्षा उपकरण की कमी और पीएफ न काटे जाने के विरोध में फैक्ट्री के बाहर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। अपनी मांगों को अनसुना किए जाने पर मजदूर कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई।
मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री में उन्हें रोजाना 12 घंटे काम कराया जाता है, जबकि उन्हें मात्र 14 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है। सुरक्षा के नाम पर केवल हेलमेट और दस्ताने दिए जाते हैं, और वह भी सभी को नहीं मिलते। पीएफ कटौती भी नहीं की जाती। नियमों के अनुसार मजदूरों को केवल 8 घंटे काम करना चाहिए और अतिरिक्त काम के लिए अतिरिक्त वेतन मिलना चाहिए, लेकिन फैक्ट्री में इसका पालन नहीं हो रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम बनाई जाएगी। अगर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो फैक्ट्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र में कई ठेकेदार मजदूरों के साथ उचित व्यवहार नहीं कर रहे। अब देखना होगा कि जांच के बाद मजदूरों को न्याय मिलेगा या नहीं।







