चरणदास महंत के बयान पर चिरमिरी में विरोध प्रदर्शन, पोस्टरों में रावण के रूप में दिखाया गया

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। श्रीराम कथा आयोजन समिति और सनातन समाज से जुड़े लोगों ने शहर में रैली निकालकर उनके बयान पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान चरणदास महंत के पोस्टरों को रावण के रूप में दिखाया गया और सार्वजनिक माफी की मांग की गई।
जगतगुरु रामभद्राचार्य पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जगतगुरु रामभद्राचार्य को लेकर दिया गया बयान सनातन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि धार्मिक संतों और आस्था के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समिति के सदस्य शामिल हुए।
महापौर सहित कई लोग प्रदर्शन में शामिल
चिरमिरी महापौर रामनरेश राय भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धार्मिक गुरुओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता और बयान देने वाले नेताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान दिया था बयान
जानकारी के मुताबिक मनेंद्रगढ़ दौरे के दौरान चरणदास महंत से पूछा गया था कि क्या वे जगतगुरु रामभद्राचार्य की कथा में शामिल होंगे। इस पर उन्होंने कहा था कि वे उन्हें न जगतगुरु मानते हैं और न गांव का गुरु। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि रामभद्राचार्य भाजपा के प्रचारक हैं। बयान सामने आने के बाद से कई जगहों पर विरोध शुरू हो गया है।





