छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा: सीएम विष्णुदेव साय ने जापान की कंपनी को दिया आमंत्रण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान दौरे के दौरान ओसाका की एसएएस सानवा कंपनी लिमिटेड को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कंपनी को राज्य में खाद्य प्रसंस्करण इकाई और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।
सीएम साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और कृषि आधारित उद्योगों को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण से राज्य में उच्च-तकनीकी उद्योगों का विकास होगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनेंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल, आसान प्रक्रिया और हर स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराएगी। सीएम साय ने विश्वास जताया कि ये निवेश छत्तीसगढ़ को आने वाले समय में न केवल देश बल्कि दुनिया के मानचित्र पर उद्योग और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएंगे।





