बच्चों की मुस्कान के लिए थमा राष्ट्रपति का काफिला, जशपुर में हुआ भव्य स्वागत

रायपुर/जशपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जशपुर पहुंचने पर आगडीह हवाई पट्टी में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में राज्यपाल रमेन डेका, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर कहा कि जशपुर की पवित्र और सुंदर धरती पर राष्ट्रपति का आगमन गर्व का पल है।
राष्ट्रपति मुर्मू इन दिनों झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इसी दौरान एक घटना ने सबका दिल जीत लिया। सोमवार को एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह से लौटते समय उनका काफिला आकाशवाणी चौक से गुजर रहा था। तभी सड़क किनारे खड़े कुछ बच्चे उत्साह से उन्हें देखने लगे। बच्चों की मासूम खुशी देखकर राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए काफिला रुकवाया और गाड़ी से उतरकर बच्चों और महिलाओं से मिलने पहुंच गईं।
राष्ट्रपति के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से लोग भावुक हो उठे। सुरक्षा नियमों के बावजूद आम लोगों से मिलने का यह कदम चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों ने कहा कि राष्ट्रपति की सरलता और मानवता ने सभी का दिल छू लिया।





