प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की तैयारियां जोरों पर, मुख्यमंत्री गुरुवार को आएंगे बिलासपुर

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मार्च के दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जिला प्रशासन और राज्य शासन के अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री की सभा बिल्हा के मोहभट्टा में होनी है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को करेंगे तैयारियों का निरीक्षण
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को बिलासपुर आएंगे। वे कार्यक्रम स्थल का जायजा लेंगे और तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा, वे मीडिया से चर्चा कर प्रधानमंत्री के आगमन और उनकी सभा को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी देंगे।
प्रधानमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए जिला भाजपा के कार्यकर्ता भी लगातार बैठकें कर रहे हैं। उनका लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाना है। इसके लिए विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने कसी कमर
प्रधानमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर लगातार मौजूद रहकर जरूरी इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। इस दिन बिलासपुर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे और पूरे शहर में राजनीतिक हलचल तेज रहेगी। प्रशासन और भाजपा संगठन इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।