बेटिंग ऐप मामले में फंसे प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा और राणा दग्गुबाती

तेलंगाना पुलिस ने बेटिंग ऐप के प्रचार से जुड़े मामले में तीन बड़े साउथ इंडियन एक्टर्स – प्रकाश राज, विजय देवरकोंडा और राणा दग्गुबाती समेत 25 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। गुरुवार को यह खबर सामने आई जिसके बाद इन तीनों एक्टर्स ने इस मामले पर अपनी सफाई पेश की है।
प्रकाश राज ने दी सफाई, कहा- नहीं किया कोई कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू
प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें अब तक पुलिस की ओर से कोई समन नहीं मिला है, लेकिन अगर समन आता है तो वह कानून का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि 2016 में उन्होंने एक गेमिंग ऐप का प्रमोशन किया था और एक साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट में बंधे हुए थे।
प्रकाश राज के अनुसार, जब उन्हें महसूस हुआ कि यह सही नहीं है तो उन्होंने अपना कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं किया। उनका कहना है कि यह मामला 8-9 साल पुराना है और उसके बाद उन्होंने किसी भी बेटिंग ऐप का प्रमोशन नहीं किया। प्रकाश राज ने यह भी बताया कि 2021-22 में यह कंपनी किसी और को बेची जा चुकी थी और जब उनकी इमेज का इस्तेमाल हुआ तो उन्होंने कंपनी को ईमेल के जरिए साफ किया कि अब उनका कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं है।
वीडियो के आखिर में प्रकाश राज ने युवाओं से अपील की कि वे जुए का शिकार न बनें क्योंकि यह उनकी जिंदगी को बर्बाद कर सकता है।
विजय देवरकोंडा और राणा दग्गुबाती की टीम ने भी दी प्रतिक्रिया
विजय देवरकोंडा की टीम ने इस मामले में बयान जारी कर कहा कि विजय ने प्रमोशन केवल उन्हीं जगहों पर किया है, जहां स्किल्स बेस्ड ऑनलाइन गेम्स को कानूनी तौर पर प्रमोट करने की इजाजत है।
वहीं, राणा दग्गुबाती की टीम ने बताया कि उन्होंने स्किल्स बेस्ड गेम्स के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर एक कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया था, लेकिन यह कॉन्ट्रैक्ट 2017 में समाप्त हो गया था। राणा की लीगल टीम ने उस समय पूरी तरह से जांच-पड़ताल करने के बाद ही इस कंपनी के प्रमोशन के लिए हामी भरी थी।
तीनों एक्टर्स की तरफ से यह साफ कर दिया गया है कि उन्होंने अब किसी भी तरह के बेटिंग ऐप का प्रचार नहीं किया है और वे कानून का पूरी तरह से पालन करने के लिए तैयार हैं। अब देखना यह है कि इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई क्या होती है।





