प्रभास की ‘राजा साब’ की नई रिलीज डेट आई सामने, अल्लू अर्जुन के गेम प्लान पर चल रहे हैं सुपरस्टार

हैदराबाद, 27 मई 2025:
साउथ सुपरस्टार प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘राजा साब’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले यह फिल्म 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सनी देओल की ‘जाट’ से टकराव टालने के लिए इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अब मेकर्स ने इसके लिए एक नई तारीख पर फैसला कर लिया है, और वो तारीख है 5 दिसंबर 2025।

खबरों की मानें तो फिल्म में प्रभास तीन अलग-अलग किरदार निभाते नजर आएंगे, जिनमें से एक भूत का रोल भी शामिल है। फिल्म को डायरेक्टर मारुति बना रहे हैं और शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स इसी नई रिलीज डेट के हिसाब से टीज़र और प्रमोशनल कैंपेन की योजना बना रहे हैं।

इस फिल्म में प्रभास के साथ निधि अग्रवाल और मालविका मोहनन फीमेल लीड में होंगी। साथ ही, संजय दत्त भी एक पावरफुल रोल में नजर आने वाले हैं।

दिलचस्प बात ये है कि प्रभास का यह मूव अल्लू अर्जुन के ‘पुष्पा 2’ के गेम प्लान से मेल खाता है। पिछले साल 5 दिसंबर को ही ‘पुष्पा 2’ रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1800 करोड़ से ज्यादा का धमाका किया था। माना जा रहा है कि दिसंबर के पहले हफ्ते की ये रिलीज विंडो अब एक हिट फॉर्मूला बन चुकी है, और प्रभास उसी रास्ते पर चलने का मन बना चुके हैं।

प्रभास फिलहाल ‘फौजी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं और इसके बाद संदीप रेड्डी वांगा की अगली फिल्म ‘स्पिरिट’ की तैयारी में जुटेंगे। लेकिन फिलहाल उनके फैन्स की नजरें ‘राजा साब’ पर टिकी हैं। नई तारीख के साथ उम्मीद है कि यह फिल्म साल के अंत में प्रभास को फिर से बॉक्स ऑफिस का किंग बना देगी।

नोट: फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक ऐलान बाकी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button