न्यायधानी में गड्ढों से भरी सड़कें बनी हादसों का कारण, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

बिलासपुर। बारिश के मौसम में न्यायधानी की सड़कें गड्ढों से भर गई हैं। नेहरू चौक सहित कई प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों की हालत खराब है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण राहगीर और वाहन चालक लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की लगभग हर मुख्य सड़क और कॉलोनी में यही स्थिति है। बावजूद इसके प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। तब तक कई लोगों की जान जोखिम में पड़ी रहती है।
विशेषज्ञों और नागरिकों का सुझाव है कि प्रशासन को बारिश से पहले शहर की सभी सड़कों का सर्वे करना चाहिए। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष टीम बनाकर सड़कों की वीडियोग्राफी की जाए। जहां गड्ढे पाए जाएं, वहां तुरंत डामरीकरण कर सड़क को गड्ढामुक्त बनाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जिस सड़क का डामरीकरण हुआ है, वही कार्य सही ढंग से पूरा किया गया हो।
लोगों ने यह भी मांग की है कि शहर में एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया जाए, जिस पर आमजन गड्ढों की फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत कर सकें। प्रशासन को इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और सड़क को ठीक कराने के बाद शिकायतकर्ता को मोबाइल पर समाधान की जानकारी भेजनी चाहिए।
फिलहाल न्यायधानी की सड़कों पर गड्ढों की समस्या लोगों के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। नागरिक उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द ही प्रभावी कदम उठाकर शहर को गड्ढामुक्त बनाएगा।





