रेरा चेयरमैन संजय शुक्ला मामले में PMO ने दिए जांच के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के चेयरमैन संजय शुक्ला के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो द्वारा चार्जशीट दायर किए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस पूरे प्रकरण में जांच के निर्देश दिए हैं।
पीएमओ के निर्देश पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग और आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय को मामले की जांच के लिए कहा गया है। मंत्रालय ने आगे यह जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग को सौंपते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश चंद्र गुप्ता ने पीएमओ में शिकायत दर्ज कराते हुए संजय शुक्ला के कामकाज और उनके पुराने रिकॉर्ड पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायत में उन पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जुटाने, भ्रष्टाचार, प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग और न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
इसके साथ ही शिकायत में पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ पर भी संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने रावतपुरा मेडिकल कॉलेज से जुड़े कथित घूस कांड में संजय शुक्ला को आरोपी बनाते हुए चार्जशीट दाखिल की है। इसके बावजूद अभी तक राज्य सरकार की ओर से उन्हें पद से नहीं हटाया गया है।
अब पीएमओ के दखल के बाद इस मामले में आगे सख्त कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।




