पीएम नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में ₹18 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, ममता सरकार पर साधा निशाना

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास को नई गति देंगी, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देंगी और लाखों लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेंगी।
कोलकाता में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों का जीवन आसान बनेगा।
रेलवे आधुनिकीकरण पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में रेलवे को आधुनिक बनाने का तेज अभियान चल रहा है और केंद्र सरकार चाहती है कि पश्चिम बंगाल इस अभियान में पीछे न रहे। इसी कारण राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।
टीएमसी सरकार पर हमला
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव की लहर चल रही है और यह दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और लोगों के दिलों में भी बस चुका है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में “महाजंगलराज” की स्थिति है और अब इसका अंत होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में एक बार फिर कानून का राज स्थापित होगा और किसी भी अत्याचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
रैली रोकने की कोशिश का आरोप
पीएम मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी सभा को रोकने के लिए राज्य सरकार ने कई प्रयास किए। उन्होंने कहा कि लोगों को सभा में आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद कराए गए, गाड़ियों को रोका गया और पोस्टर हटवाए गए।
इसके बावजूद उन्होंने कहा कि जनता का जनसैलाब यह दिखा रहा है कि बदलाव की लहर को कोई रोक नहीं सकता। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए भाजपा लगातार काम कर रही है और राज्य में जल्द ही कानून का राज स्थापित होगा।





