गुवाहाटी में पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, नॉर्थ ईस्ट को बताया ‘अष्टलक्ष्मी’

गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्थ ईस्ट को देश की ‘अष्टलक्ष्मी’ बताया और कहा कि इस साल का बजट क्षेत्र की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगा। बजट के बाद यह उनका असम और नॉर्थ ईस्ट का पहला दौरा था।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक नॉर्थ ईस्ट की अनदेखी की, जबकि भाजपा सरकार इस क्षेत्र की सेवा भाव से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार असम को टैक्स के हिस्से के रूप में करीब 50 हजार करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि कांग्रेस के समय यह राशि लगभग 10 हजार करोड़ रुपये थी। उनके अनुसार, पिछले 11 सालों में असम को विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र से 5.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले नॉर्थ ईस्ट का नाम आते ही खराब बुनियादी ढांचे की तस्वीर सामने आती थी, लेकिन अब यहां आधुनिक हाईवे बन रहे हैं, जिन पर जरूरत पड़ने पर हवाई जहाज भी उतर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब नीतियों में बढ़ोतरी होती है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं, इसलिए सड़क और हाईवे परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
पुलवामा हमले की बरसी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हमले के बाद भारत ने आतंकियों को कड़ा जवाब दिया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या कभी कांग्रेस में देशहित में ऐसे साहसिक फैसले लेने की ताकत थी।
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की कांग्रेस देश को तोड़ने वाली सोच के साथ खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस (MMC)’ करार देते हुए कहा कि असम और देश की जनता को इससे सावधान रहने की जरूरत है।
टेक्नोलॉजी के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय 3G और 4G आए, लेकिन नॉर्थ ईस्ट तक उनका विस्तार तेजी से नहीं हो पाया। भाजपा सरकार ने 5G तकनीक को असम समेत पूरे नॉर्थ ईस्ट के गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया है।





