Pickup truck-motorcycle collision: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और मासूम बेटी की मौत, बेटा गंभीर
मेला देखकर लौट रहा था परिवार

बिलासपुर के कोटा-लोरमी मार्ग पर बीती शाम एक ह्रदयविदारक सड़क हादसा हो गया। (Pickup truck-motorcycle collision) ग्राम बांसाझाल चौक के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में पति-पत्नी और उनकी 7 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 6 साल का बेटा इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। खुशियों के साथ मेला देखकर लौट रहे इस परिवार की हंसी पल भर में मातम में बदल गई….
बांसाझाल चौक के पास काल बनकर आई पिकअप
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेमरी निवासी जमलेश यादव (40 वर्ष) अपनी पत्नी संतोषी यादव (35 वर्ष) और दो बच्चों—बेटी नन्ही (7 वर्ष) व 6 वर्षीय बेटे के साथ बेलपान मेला घूमने गए थे। पूरा परिवार मेले का आनंद लेने के बाद मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। जैसे ही वे कोटा-लोरमी मार्ग पर बांसाझाल चौक के करीब पहुँचे, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जमलेश, संतोषी और मासूम नन्ही को मृत घोषित कर दिया।
सिम्स में जिंदगी की जंग लड़ रहा 6 साल का मासूम, (Pickup truck-motorcycle collision)
हादसे में गंभीर रूप से घायल 6 वर्षीय बालक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल सिम्स (CIMS) बिलासपुर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इधर, सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुँची और पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों मृतकों का मर्ग कायम कर लिया है। देर शाम होने के कारण गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिन्हें फिलहाल मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है; शुक्रवार सुबह पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा….





