सड़क की खराब हालत से परेशान बोदरी के लोग, उभर रहा आक्रोश

बिलासपुर। बोदरी क्षेत्र के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। यहां की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्राम धमनी से कडार, सेवार तक की सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटना का डर बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से हजारों की संख्या में लोग रोज चकरभाठा मार्केट और बिलासपुर शहर की ओर आते-जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। स्कूल खुलने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन सड़क में सुधार के कोई संकेत अब तक नहीं मिले हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विधायक धरमलाल कौशिक ने पिछले साल सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही कोई मरम्मत की गई। इससे अब गांव वालों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में जनप्रतिनिधियों का कहना है कि ग्राम नगपुर से धमनी, कडार, सेवार, कया, बुंदेला होते हुए झाल तक सड़क निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है और संभावना है कि बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
फिलहाल, ग्रामीणों की मांग है कि जब तक नई सड़क नहीं बनती, तब तक अस्थाई मरम्मत का काम जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।





