पलामू पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: गांजा तस्करों का गिरोह ध्वस्त, चार किलो गांजा बरामद

पलामू। पलामू पुलिस ने करीब ढाई लाख मूल्य के गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी शहर और सदर थाना पुलिस द्वारा बिसफुटा और चियांकी में किए गए कार्रवाई में हुई है। बिसफुटा के पास से पड़वा थानाक्षेत्र के कजरी निवासी आदित्य कुमार पासवान (22) को चार किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं चियांकी से सदर थाना पुलिस ने 350 ग्राम गांजा के साथ चियांकी के सत्यारी टोला निवासी नन्दकिशोर पांडेय (50) को पकड़ा गया। सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि एसपी को बिसफुटा चौक के पास गांजा की खरीद – बिक्री के लिए तस्करों के आने की जानकारी मिली थी। प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम बिस्फुटा चौक के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से भाग गए।वहीं भागने का प्रयास कर रहा आदित्य पासवान पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 4.115 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजा तस्करी का मास्टर माइंड नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना का रहने वाला नीरज कुमार पासवान है। नीरज के साथ ही आदित्य था। जबकि तीन खरीदारों को नीरज ने बुलाया था। एसडीपीओ ने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरे घटना में चियांकी में नन्दकिशोर पांडेय के होटल से 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस को होटल में गांजा बिक्री की जानकारी मिली थी। जिसपर छापेमारी की गई। आरोपियों के गिरफ्तारी में शहर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार, सोनू कुमार चौधरी, अनिल कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button