धान खरीदी की तैयारी पूरी, किसानों की सुविधा के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

बलौदाबाज़ार। जिले में इस साल की धान खरीदी की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी से काम में जुटी है। इसी कड़ी में गुरुवार को धान खरीदी के नोडल अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टोकन जारी करने से लेकर धान की खरीदी और परिदान तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि धान खरीदी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है, इसलिए अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से काम करें। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचते समय किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों में “समाधान पेटी” लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसान अपनी समस्या सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचा सकें। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि किसानों की शिकायतों का दो दिनों के भीतर समाधान किया जाए।
इसके अलावा, कलेक्टर ने बैठक व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने आए किसानों और उनके वाहनों की फोटोग्राफी अनिवार्य होगी। यह फोटो आवक रजिस्टर और सिस्टम दोनों में अपलोड की जाएगी। फ्लाइंग स्क्वाड टीम भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी।
कलेक्टर कार्यालय में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां किसान अपनी शिकायतें या जानकारी मोबाइल नंबर 92018-99925 पर 24 घंटे साझा कर सकते हैं।
धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है, और समितियों में 15 दिनों की खरीदी के लिए जरूरी संख्या में बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। किसानों की सुविधा के लिए ‘टोकन तुहंर हाथ’ मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है, जिससे किसान खुद अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
जिले में इस बार एग्रिस्टेक पोर्टल के माध्यम से 1 लाख 65 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है, जिससे उम्मीद है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से पूरी होगी।





