अंबिकापुर में आग से क्षतिग्रस्त इमारत को 24 घंटे में तोड़ने का आदेश, जांच टीम आज पहुंच सकती है

अंबिकापुर में भीषण आग की घटना के बाद क्षतिग्रस्त तीन मंजिला इमारत को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। नगर निगम आयुक्त ने बिल्डिंग को खतरनाक घोषित करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर सुरक्षित तरीके से हटाने का आदेश जारी किया है। आग के कारण भवन का एक हिस्सा ढह चुका है और शेष संरचना भी अस्थिर स्थिति में खड़ी है, जिससे आसपास के मकानों को खतरा बना हुआ है।

खतरनाक घोषित कर दिया गया भवन
राममंदिर रोड स्थित प्लास्टिक और पटाखा गोदाम में लगी आग ने पूरे भवन को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद भी बेसमेंट में आग सुलगती रही। नगर निगम ने स्थिति को गंभीर मानते हुए भवन को असुरक्षित घोषित कर दिया और संचालक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

नोटिस जारी, कार्रवाई की चेतावनी
नगर निगम आयुक्त ने संचालक को नोटिस देकर 24 घंटे के भीतर भवन को डिसमेंटल करने का आदेश दिया है। स्पष्ट किया गया है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं की गई, तो निगम स्वयं हस्तक्षेप कर भवन को हटाएगा और खर्च संबंधित पक्ष से वसूला जाएगा। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए यह कदम जरूरी है।

जांच के लिए विशेष टीम गठित
घटना की जांच के लिए जिला प्रशासन ने एक विशेष टीम का गठन किया है, जिसमें एसडीएम, पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और विस्फोटक सामग्री के उपयोग की जांच करेगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग के दौरान कई विस्फोट भी हुए थे। मामले में पहले ही संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button