ग्राम खौली में प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध, ग्रामीणों ने चेतावनी दी

प्रदेश सरकार राज्य के कई स्थानों पर नई शराब दुकानें खोलने जा रही है, लेकिन इन प्रस्तावों का विरोध भी तेज हो गया है। आरंग जनपद पंचायत के ग्राम खौली में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध जताया है।
ग्राम खौली के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर के नेतृत्व में आरंग एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान के विरोध में अपनी आवाज उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शराब दुकान खोली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन गांव के जनप्रतिनिधियों पर शराब दुकान खोलने के लिए सहमति बनाने का दबाव डाल रहा है, जिसके कारण सरपंच भयभीत हैं। वहीं, गांव की महिलाओं का कहना है कि ग्राम खौली में कक्षा 12वीं तक स्कूल है और आसपास के गांवों से लड़कियां यहां पढ़ने आती हैं। वे चिंतित हैं कि शराब दुकान के कारण गांव में अशांति फैल सकती है, जिससे उनकी बहु-बेटियों का बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
महिलाओं ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे किसी भी स्थिति में ग्राम खौली में शराब दुकान खोलने को बर्दाश्त नहीं करेंगी। जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने मांग की है कि प्रस्तावित शराब दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, वरना ग्रामीण उग्र आंदोलन और धरना देने के लिए मजबूर होंगे।





