ऑपरेशन सिंदूर: BSF का बड़ा खुलासा, पाकिस्तान ने हटाए 72 आतंकी लॉन्चपैड

दिल्ली। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक (IG) शशांक आनंद ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी पाकिस्तान की 118 अग्रिम चौकियां ध्वस्त कर दी गईं। इसके साथ ही पाकिस्तान ने अपने 72 आतंकी लॉन्चपैड को सीमा से दूर शिफ्ट कर दिया है।
IG आनंद के अनुसार, सियालकोट सेक्टर में तीन बड़े आतंकी लॉन्चिंग पैड नष्ट किए गए। हालांकि अब भी करीब 12 लॉन्चपैड सियालकोट और जफरवाल के डेप्थ एरिया में सक्रिय हैं। इसके अलावा पाकिस्तान ने दूसरे गहरे इलाकों में करीब 60 लॉन्चपैड भी सक्रिय कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि सेना अब ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए भी पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की ओर से किसी भी तरह की उकसावे की कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि पाकिस्तान की ओर से आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के जवाब में यह कार्रवाई की गई। पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह ऑपरेशन शुरू हुआ, जिसमें भारतीय सेना ने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। परंतु पाकिस्तान ने इसे युद्ध का रूप देने की कोशिश की।
IG आनंद ने कहा “यदि पाकिस्तान ने भविष्य में कोई दुस्साहस किया या आतंकी हमलों को बढ़ावा दिया, तो उसे फिर सबक सिखाया जाएगा।” उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने न केवल दुश्मन के इरादों को नाकाम किया बल्कि सीमावर्ती ग्रामीणों में सुरक्षा और विश्वास भी बढ़ाया।
ऑपरेशन के दौरान BSF के दो वीर जवान मोहम्मद इम्तियाज और दीपक सर्वोच्च बलिदान देकर शहीद हुए। इन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया है। अन्य कई जवानों को भी वीरता पुरस्कार दिए गए हैं।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान में लॉन्चपैड की संख्या लगातार बदलती रहती है। वर्तमान में सीमा के पास कोई बड़ा ट्रेनिंग कैंप नहीं है, लेकिन आतंकियों के छोटे समूहों को सक्रिय रखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि BSF पारंपरिक और हाइब्रिड दोनों प्रकार के युद्धों के लिए पूरी तरह सक्षम है।





