ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार

बिलासपुर:बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई, जिसमें बताया गया था कि ग्राम हाफा में कुछ लोग “क्रिक लाइन गुरू” मोबाइल एप के जरिए आईपीएल मैच आरसीबी बनाम गुजरात पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम गठित की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर राजाराम ध्रुव, मविस कनौजे, ललित कुमार श्रीवास और विनोद श्रीवास को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 08 मोबाइल फोन, 01 एलईडी टीवी, 01 सेटअप बॉक्स, सट्टा पर्चियां और कुल ₹2260 नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरा सट्टेबाजी नेटवर्क गार्डन कॉलोनी, मोपका निवासी अविनाश माधवानी द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो इस अवैध कारोबार के लिए तकनीकी सुविधा मुहैया करवा रहा था। पुलिस ने जब मौके पर छापेमारी की, तो अविनाश माधवानी फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का यह नेटवर्क बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था। आरोपी मोबाइल एप के जरिए सट्टा लगवाने के साथ-साथ लाइव मैच अपडेट भी दे रहे थे, ताकि सटोरिए अपने हिसाब से दांव लगा सकें। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के अवैध गतिविधियों से दूर रहें और अगर कहीं भी सट्टेबाजी होते हुए देखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button