बिहार चुनाव रुझानों पर बोले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा: ‘एनडीए की बनेगी सरकार, कांग्रेस को ईवीएम पर नहीं खुद पर सवाल उठाने चाहिए’

रायपुर। बिहार चुनाव के शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के 150 से ज्यादा सीटें आने का अनुमान पहले से था और रुझान भी उसी दिशा में दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता ने सही फैसला लिया है। पहले वहां गुंडाराज था, लेकिन इस बार जनता ने विकास के पक्ष में मतदान किया है।”
ईवीएम पर कांग्रेस के आरोपों पर बोलते हुए विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी बेहतर नेतृत्व नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए हर बार हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने कांग्रेस को आत्मचिंतन की सलाह भी दी।
बिहार चुनाव में कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को सीनियर ऑब्जर्वर बनाए जाने पर भी शर्मा ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “उन्हें पहले अपने बोलने के अंदाज को सुधारना चाहिए। वह बड़े नेता हैं, लेकिन प्रभावी बनने के लिए उन्हें अपनी शैली बदलनी होगी। वे लाठी लेकर चलते हैं और सबको भैंस समझते हैं। कांग्रेस के नेतृत्व में अब ताकत नहीं बची है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पैतृक संपत्ति को ईडी द्वारा अटैच किए जाने पर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इस पर स्पष्ट जानकारी ईडी ही दे सकती है। उन्होंने कहा कि ईडी किसी की भी पैतृक जमीन का एक इंच भी अटैच नहीं कर सकती और अटैचमेंट का विवरण ईडी ने अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
धान खरीदी को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार पूरी तरह तैयार है। 15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।





