वैलेंटाइन डे पर ‘ओ रोमियो’ की कमाई में उछाल, दो दिन में 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार

बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ रोमियो’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वैलेंटाइन डे के मौके पर फिल्म की कमाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में 44 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन करीब 8 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं दूसरे दिन वैलेंटाइन डे के अवसर पर फिल्म ने लगभग 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म की कुल कमाई करीब 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी पहली बार एक साथ नजर आ रहे हैं। दोनों की जोड़ी और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में शाहिद ने हुसैन उस्तरा और तृप्ति ने आफ्शा का किरदार निभाया है, जो कहानी का मुख्य आकर्षण है।
फिल्म में नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। मल्टीस्टारर कास्ट और रोमांटिक-ड्रामा कहानी के कारण फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
फिल्म के शुरुआती प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि वीकेंड के दौरान इसकी कमाई में और बढ़ोतरी हो सकती है।




