रायपुर से अब उड़ान में भी लें इंटरनेट और मनोरंजन का मजा, एयर इंडिया ने शुरू की नई सेवा

रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में अब यात्री उड़ान के दौरान इंटरनेट और मनोरंजन की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
एयर इंडिया ने अपनी इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सेवा ‘विस्टा स्ट्रीम’ की शुरुआत कर दी है, जिसके तहत यात्री अपने मोबाइल फोन, टैबलेट या लैपटॉप जैसे पर्सनल डिवाइस पर ही फिल्में, टीवी शो और म्यूजिक स्ट्रीम कर सकेंगे। एयर इंडिया ने यह सेवा अपने एयरबस A-350, बोइंग 787-9 और चुनिंदा एयरबस A321 नियो विमानों में शुरू की है। यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार की उड़ानों में उपलब्ध है। खास बात यह है कि अब यात्री 10,000 फीट की ऊंचाई पर भी इंटरनेट का उपयोग कर सकेंगे।
कैसे करें कनेक्ट
यात्रियों को सबसे पहले अपने डिवाइस को एयरप्लेन मोड पर सेट करना होगा, फिर वाई-फाई ऑन कर ‘Vista’ नेटवर्क से कनेक्ट करना होगा। इसके बाद फ्लाइट में उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर यात्री अपनी पसंद का कंटेंट चुन सकते हैं।
क्या रखें साथ
इस सेवा का पूरा आनंद लेने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी डिवाइस को पूरी तरह चार्ज रखें और ईयरफोन साथ लेकर आएं। यात्रियों को मदद और जानकारी के लिए फ्लाइट में ‘यात्री गाइड’ भी उपलब्ध कराई गई है। फिलहाल यह सेवा चुनिंदा उड़ानों में ही दी जा रही है, लेकिन यात्रियों से मिले सकारात्मक फीडबैक के बाद इसे और उड़ानों में भी लागू किया जा सकता है।





