NDPS और हथियार तस्करी में शातिर अपराधी शीबू गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को पकड़ा है जो अवैध हथियार और नशीली दवाओं की तस्करी कर रहा था। आरोपी शहबाज हुसैन उर्फ शीबू (40), राजीव गांधी चौक का रहने वाला है और पहले भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने उसके पास से तीन पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, सात खाली खोखे, 30 बोतल नशीली कोडिन युक्त कफ सिरप (ONEREX) और एक सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया है। आरोपी यह सब सामान अपनी गाड़ी में छुपाकर ले जा रहा था।

ये कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत की गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू की टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजीव गांधी चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। वाहन की तलाशी में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और नशीली दवाएं बरामद हुईं।

पूछताछ में सामने आया है कि शीबू पहले भी हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और सुपारी किलिंग जैसे संगीन मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ सिविल लाइन, कोनी, सकरी, जीआरपी बिलासपुर और कोतवाली जांजगीर में केस दर्ज हैं।

पुलिस अब शीबू से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और नशे की सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है। उसके साथियों की भी हिस्ट्रीशीट तैयार की जा रही है। इस कार्रवाई में विशेष योगदान देने वाले उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक अतुल सिंह और रितेश मिश्रा की सराहना की गई है। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को इनाम देने की घोषणा की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button