रोपवे हादसे में नवविवाहिता की मौत, घायल पति नहीं दे सका अंतिम विदाई

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोपवे हादसे में शिक्षिका आयुषी धावरे की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद का एक भावुक दृश्य सामने आया, जब पति अपनी पत्नी को अंतिम विदाई तक नहीं दे सके।

आयुषी का अंतिम संस्कार रायपुर में किया गया। शादी को अभी चार महीने ही हुए थे, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अस्पताल में भर्ती पति ऋषभ धावरे अपनी पत्नी के अंतिम दर्शन के दौरान खुद को संभाल नहीं पाए। परंपरा के अनुसार पत्नी की मांग में अंतिम बार सिंदूर भरने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वे यह रस्म पूरी नहीं कर सके।

हादसे में ऋषभ की कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है, जिससे वे उठने की स्थिति में नहीं हैं। वे अपनी पत्नी को कंधा तक नहीं दे सके और अस्पताल के बिस्तर पर ही बिलखते रहे।

परिवार के अन्य सदस्य भी इस हादसे में घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद प्रशासन या संबंधित जिम्मेदारों ने कोई सहायता नहीं की और इलाज का पूरा खर्च परिवार खुद उठा रहा है।

बताया जा रहा है कि मंदिर में रोपवे की दो ट्रॉलियां हादसे का शिकार हुईं। एक ट्रॉली केबल टूटने के कारण अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई, जिससे कई लोग घायल हुए और आयुषी की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खो बैठी, जिसमें सवार लोगों को हल्की चोटें आईं।

प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और रोपवे संचालक कंपनी तथा कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई