कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग पर अड़े ननकीराम कंवर, सीएम विष्णुदेव साय ने की बात – दी धरना न देने की सलाह

रायपुर। कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत को हटाने की मांग को लेकर पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर अब भी धरना देने के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। उन्हें मनाने की कोशिशें लगातार जारी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार रात खुद कंवर से फोन पर बात की। सीएम ने बताया कि कंवर के पत्र के आधार पर बिलासपुर कमिश्नर से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही उन्होंने कंवर को फिलहाल धरना न देने की सलाह दी।
हालांकि, कंवर अपने रुख पर कायम हैं और कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग पर अडिग हैं। फिलहाल वे रायपुर एम्स के पास एक भवन में ठहरे हुए हैं, जहां उनसे मिलने उनके रिश्तेदार और भाजपा के कई नेता पहुंचे हैं।
खबर लिखे जाने तक ननकीराम कंवर धरना स्थल के लिए रवाना नहीं हुए थे, लेकिन उनके समर्थकों का कहना है कि वे जल्द अपने अगले कदम का फैसला करेंगे।





