बलौदाबाजार में नमो मैराथन, नशामुक्ति का दिया संदेश

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष और सेवा पखवाड़ा के मौके पर रविवार को नमो मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौड़ में कलेक्टर दीपक सोनी, नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। सभी ने दौड़ लगाकर नशामुक्ति का संदेश दिया और संकल्प लिया कि नशे से दूर रहेंगे।
मैराथन सुबह 7 बजे अम्बेडकर चौक से शुरू होकर संगी मितान नशामुक्ति केंद्र में समाप्त हुई। इस दौरान नशे से मुक्त होकर स्वस्थ हुए 5 युवाओं को शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि नमो मैराथन का उद्देश्य गांव-गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि पिछले साल शुरू हुए संगी मितान नशामुक्ति केंद्र से अब तक 115 लोग नशे की लत छोड़ चुके हैं। जल्द ही भाटापारा में भी नया केंद्र खोला जाएगा।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा, तभी युवाओं को बचाया जा सकेगा।
पुरस्कार की घोषणा:
कलेक्टर सोनी ने बताया कि जो भी व्यक्ति अपने आसपास के कम से कम 5 लोगों को नशे की लत से छुड़ाएगा, उसे 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने नशामुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश भी दिए, जैसे—नियमित स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर विजिट, गुणवत्तापूर्ण भोजन, सीसीटीवी निगरानी, किताब-पत्रिकाएं उपलब्ध कराना और शिकायत पेटी लगाना।





