NAGRI NIKAY: रायपुर में 10 बजे तक 9% वोटिंग, कई बूथों में EVM खराब

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के तहत वोटिंग का सिलसिला जारी है। सुबह 10 बजे तक 9% मतदान का अनुमान है। इस बीच बीजेपी की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे, कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने वोट डाले। कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें आई हैं, जिससे वोटिंग में देरी हो रही है।

रायपुर में आज सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में मतदान हो रहा है। रायपुर नगर निगम में 10 बजे तक 9% वोटिंग का अनुमान है। मीनल चौबे ने चंगोराभाटा स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने भी वोटिंग की। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सत्तीगुड़ी चौक स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला।
ईवीएम खराब होने से यहां हुई परेशानी
- रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और धमतरी के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायतें आई हैं। इसके कारण मतदान प्रक्रिया में देरी हो रही है।
- रायपुर के मौलाना अब्दुल वार्ड के बूथ क्रमांक 670 में ईवीएम खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका।
- बिलासपुर में हेमू नगर मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने के बाद सुबह 8:30 बजे वोटिंग शुरू हो पाई।
- राजनांदगांव और जगदलपुर में भी कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराबी से वोटिंग प्रभावित हुई है, जिससे पोलिंग बूथ के बाहर लंबी कतारें लग गई हैं।





