भाजपा सदस्यता अभियान के लक्ष्य में पिछड़े सांसद-विधायक

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करने की चुनौती है। दरअसल, मंत्री, विधायक और सांसद के क्षेत्र में ही सदस्यता का अभियान पिछड़ा हुआ है। भाजपा ने तीन हजार लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने वाले कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भोजन करने का ऑफर भी दिया था।

बावजूद इसके 35 दिन में अब तक 35 लाख सदस्य बन पाए हैं। भाजपा ने 60 लाख लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। तीन सितंबर को शुरू हुआ अभियान 15 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में अब आठ दिन बचे हैं और रोज तीन लाख से अधिक सदस्य बनाने पर ही यह लक्ष्य पूरा सकेगा।

प्रदेश की 90 सीट वाली विधानसभा में भाजपा समर्थित वर्तमान के 53 विधायकाें में 46 विधायक अभी तक 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाए हैं। विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से भाजपा ने 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 35 और एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में गई थी।

रायपुर-दक्षिण विधानसभा के विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रायपुर का सांसद बनने के बाद अभी एक सीट रिक्त है। ऐसे में भाजपा के फिलहाल 53 विधायक हैं। इसी तरह प्रदेश की 11 में से 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के सभी सांसद लक्ष्य से पीछे हैं। अभी तक एक भी सांसद अपने निर्धारित 20 हजार सदस्य बनाने के लक्ष्य को नहीं छू पाए हैं।

16 अक्टूबर से बनाएंगे सक्रिय सदस्य

पहला चरण तीन से 25 सितंबर तक चला है। दूसरा दूसरा चरण एक से 15 अक्टूबर तक और अंतिम चरण 16 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। अंतिम चरण में केवल सक्रिय सदस्य बनाना है। यानी आम जनों को सदस्य बनाने के लिए 15 अक्टूबर तक का ही समय शेष है। भाजपा के महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि हम जल्द ही लक्ष्य पूरा कर लेंगे।

विधायकों में रिकेश और अजय चंद्राकर आगे

सदस्य बनाने के मामले में विधायक रिकेश सेन सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 32,490 सदस्य बनाए हैं। इसी तरह कुरूद विधायक अजय चंद्राकर दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 13,700 सदस्य बनाए हैं।

मंत्रियों में लखन और दयालदास आगे

सदस्य बनाने में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयालदास बघेल और वाणिज्य और उद्योग एवं श्रम विभाग के मंत्री लखन लाल देवांगन ने लक्ष्य पूरा कर लिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button