कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने भाजपा के साथ मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा: केंद्र सरकार लोकतंत्र और मनरेगा को कमजोर कर रही है

रायपुर में कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर लोकतंत्र को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी न तो मजबूत विपक्ष चाहती है और न ही स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था। उनका मकसद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को खत्म करना है।

रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शशिकांत सेंथिल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया गया। सेंथिल के अनुसार, बिना किसी ठोस अपराध और प्रत्यक्ष लेन-देन के पीएमएलए जैसे सख्त कानून का प्रयोग किया गया, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।

उन्होंने कहा कि अदालत ने भी इस मामले में कई सवाल उठाए हैं, जिससे साफ होता है कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। बीजेपी का ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का नारा दरअसल लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की सोच है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद सेंथिल ने मनरेगा योजना में किए गए बदलावों पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल नाम बदलने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसकी मूल भावना को ही खत्म किया जा रहा है। यह योजना ग्रामीण मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा की रीढ़ थी, लेकिन अब इसे धीरे-धीरे कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा मांग आधारित योजना थी, जिसमें जितना काम मांगा जाता था उतना काम मिलता था, लेकिन अब इसे सीमित बजट वाली योजना बना दिया गया है। इसके कारण पंचायतों को मजदूरों से यह कहना पड़ रहा है कि काम के लिए बजट नहीं है।

सेंथिल ने आरोप लगाया कि मनरेगा में 60:40 जैसे नए नियम लागू कर खेती के मौसम में रोजगार के अवसर कम किए जा रहे हैं। साथ ही अब केंद्र सरकार यह तय करेगी कि किस राज्य में मनरेगा का काम चलेगा और किसमें नहीं, जो राज्यों के अधिकारों पर सीधा हमला है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि पार्टी इन फैसलों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जैसे कृषि कानूनों को जनता के दबाव में वापस लेना पड़ा था, वैसे ही मनरेगा से जुड़े जनविरोधी फैसलों को भी सरकार को वापस लेना पड़ेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई