प्रधानमंत्री मोदी से मिले सांसद महेश कश्यप: बस्तर दशहरा में आने का दिया निमंत्रण

दिल्ली। नई दिल्ली में 20 अगस्त को बस्तर सांसद महेश कश्यप ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट उनके परिवार सहित हुई। मुलाकात के दौरान सांसद कश्यप ने बस्तर के विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में आने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर सांसद कश्यप ने बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर की झलक दिखाते हुए विशेष उपहार भी भेंट किए। इनमें काष्ठ शिल्पकार शिवचरण साहू द्वारा निर्मित काष्ठचित्र और मड़ानार विद्यालय के छात्रों की कलाकृतियां शामिल थीं। बच्चों की इन रचनाओं में प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में लिए गए निर्णयों को चित्रित किया गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने इन कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया और बस्तर की कला एवं प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत देश के लिए गौरव का विषय है और वहां के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
सांसद कश्यप ने प्रधानमंत्री को दशहरे में शामिल होने का आग्रह किया, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार करते हुए समय निकालकर इस ऐतिहासिक पर्व में शामिल होने का आश्वासन दिया। वहीं, शिल्पकार शिवचरण साहू ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी कृति भेंट करना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव है। उन्होंने इसे अपनी कला साधना का सबसे महत्वपूर्ण क्षण बताया।





