मानसून की धीमी रफ्तार से बढ़ी चिंता, प्रदेश में सामान्य से 69 फीसदी कम बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री भले ही देरी से हुई हो, लेकिन अब यह राज्य के आधे से अधिक हिस्से को कवर कर चुका है। इसके बावजूद प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी कम बना हुआ है। एक जून से अब तक जहां 108.2 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं केवल 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेशभर में गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बस्तर संभाग में बेहतर स्थिति, फिर भी सामान्य से कम वर्षा
मानसून का सबसे अधिक असर बस्तर संभाग में देखने को मिला है। बस्तर जिले में 142.7 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 74.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो 48 प्रतिशत कम है। दंतेवाड़ा में 107.7 मिमी के मुकाबले 49.9 मिमी और सुकमा में 60.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 54 प्रतिशत कम है। कोंडागांव और बीजापुर में भी अपेक्षा से कम बारिश हुई है।
मध्य और पश्चिमी जिलों में बारिश का गंभीर संकट
राज्य के कई जिलों में वर्षा की भारी कमी दर्ज की गई है। रायपुर में 72 प्रतिशत, महासमुंद में लगभग 80 प्रतिशत और बलौदाबाजार में 83 प्रतिशत तक वर्षा घाटा है। सबसे गंभीर स्थिति राजनांदगांव जिले की है, जहां सामान्य 100.3 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 8.3 मिमी बारिश हुई है। मोहला-मानपुर-चौकी क्षेत्र में 95 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और अन्य जिलों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
अगले 10 दिन खेती के लिए अहम, बारिश बढ़ने की उम्मीद
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार खरीफ फसलों की बुवाई के लिए आगामी दस दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे। वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। यदि जून के अंतिम सप्ताह में व्यापक और अच्छी वर्षा होती है तो प्रदेश में बना वर्षा घाटा तेजी से कम हो सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दौंडी और नांगुर में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। मैनपुर और धमतरी में 40-40 मिमी, जबकि कांकेर, दरभा, नगरी, जगदलपुर, राजनांदगांव और अन्य क्षेत्रों में 30 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। इस बीच बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





