अम्बिकापुर में 13 मई को होगा “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम, शिवराज सिंह चौहान रहेंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 मई को अम्बिकापुर आएंगे। वे यहां आयोजित “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में होगा।
इस खास मौके पर शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन योजना के तहत मिलने वाले घरों की “खुशियों की चाबी” हितग्राहियों को देंगे। इसके साथ ही जो लोग अपना घर बनाना शुरू कर रहे हैं, उनका भूमिपूजन कर उन्हें आवास स्वीकृति पत्र भी सौंपेंगे।
कार्यक्रम में राज्य के 51 हजार नए घरों में लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी करवाया जाएगा। इसके अलावा, बेहतरीन काम करने वाली स्व सहायता समूह की दीदियों और “लखपति दीदियों” को सम्मानित भी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत कई बड़े नेता और मंत्री भी शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम आम लोगों के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने की एक बड़ी पहल मानी जा रही है।





