मोबाइल चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार, 12 हजार का मोबाइल बरामद

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम अतुल यादव है, जो नूतन चौक सरकंडा का रहने वाला है।
यह मामला 16 अप्रैल का है, जब ईश्वर पेट्रोल पंप में काम कर रहे विजय साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पेट्रोल भरते समय उन्होंने अपना मोबाइल मशीन के पास रखा था। तभी बाइक में सवार दो युवक वहां आए और उनमें से एक चुपके से मोबाइल लेकर भाग गया।
पुलिस ने जांच शुरू की और पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी अतुल यादव को पकड़ लिया गया, जो चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहा था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस ने उसके पास से 12 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद भी कर लिया है।
सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, उसके साथी की तलाश अभी जारी है।





