मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व स्पीकर धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट

रायपुर में बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

रायपुर। रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट का शिकार हो गए। सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सुबह पैदल टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे दो झपटमारों ने उनके हाथ से मोबाइल छीना और तेज रफ्तार में मौके से भाग निकले। पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में हो गई, जिससे वे संभल भी नहीं सके। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के साथ हुई लूट की घटना की पुष्टि की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों ने संभवतः पहले से रेकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। शहर में नाकेबंदी कर संदिग्धों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद कांग्रेस ने भी कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर के कमिश्नरेट सिस्टम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाई अलर्ट के बावजूद शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद भी लूट और झपटमारी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय केवल चालान काटने में व्यस्त है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button