दिल्ली में मोबाइल डेंटल क्लीनिक सेवा की शुरुआत

नई दिल्ली, 21 मार्च 2025 – अब दिल्लीवासियों को दांतों की जांच और इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिल्ली सरकार ने मोबाइल डेंटल क्लीनिक सेवा शुरू की है, जिससे लोगों को उनके क्षेत्र में ही ओरल हेल्थकेयर की सुविधा मिलेगी। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से छह मोबाइल डेंटल वैन को हरी झंडी दिखाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इन डेंटल वैन में सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जिनमें मॉडर्न डेंटल चेयर, पोर्टेबल एक्स-रे यूनिट, अल्ट्रासोनिक स्केलर, स्टरलाइजेशन यूनिट और डायग्नोस्टिक टूल्स शामिल हैं। वैन जीपीएस सिस्टम से लैस होंगी, जिससे अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों से इनका सीधा संपर्क बना रहेगा। इन वैन में डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी, जो जरूरतमंद लोगों की जांच और इलाज करेगी।
पंकज सिंह ने कहा, “ओरल हेल्थ को अक्सर नजरअंदाज किया जाता है, लेकिन यह समग्र स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये वैन खासतौर पर गरीब और वंचित वर्गों तक दंत चिकित्सा की सुविधा पहुंचाने के लिए शुरू की गई हैं।” उन्होंने बताया कि मोबाइल क्लीनिक सेवा ग्रामीण इलाकों, श्रमिक बस्तियों, स्कूलों और वरिष्ठ नागरिकों तक भी पहुंचेगी।
सरकार ने फिलहाल छह मोबाइल डेंटल वैन शुरू की हैं, लेकिन बजट मिलने के बाद इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। यह पहल दिल्ली के नागरिकों को बेहतरीन मौखिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





