मानसिक रूप से बीमार पत्नी की गला घोंटकर हत्या, मां को खाना न देने पर पति ने रची साजिश

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पति ने मां को खाना नहीं परोसने से नाराज होकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए गिरकर मौत होने की कहानी गढ़ी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 23 फरवरी की है, जब सावित्री बाई निषाद (38) का शव तांदुला नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक पूछताछ में पति धर्मेंद्र निषाद (43) ने दावा किया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी और संभवतः गिरने से उसकी मौत हुई है।

हालांकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। महिला के गले पर कसाव के निशान थे। एक चप्पल उल्टी पड़ी थी, हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी और मुट्ठी में घास-मिट्टी दबी मिली, जिससे संघर्ष के संकेत मिले। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अक्सर घर में विवाद होता था। वह मां, बेटी और उसे समय पर खाना नहीं देती थी। इसी बात को लेकर वह नाराज रहता था। घटना के दिन पत्नी के शौच के लिए बाहर जाने पर वह दूसरे रास्ते से खेत पहुंचा और साड़ी फाड़कर फंदा बनाकर उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने तालाब में नहाकर घर लौटने और पत्नी को खोजने का नाटक किया। उसने रिश्तेदारों से पूछताछ की और साले को फोन कर मायके जाने की बात पूछी। बाद में जब ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा तो आरोपी भी मौके पर पहुंचा और उसे मृत घोषित करते हुए फोटो लेकर सरपंच को भेजा।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी लगातार परिवार और पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई