ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 13 लाख का कच्चा आयरन जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और औद्योगिक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेलर में लोड करीब 8 टन कच्चा आयरन (पॉयलट गोली) जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने ट्रेलर को घेरकर पकड़ा

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तिलगा स्थित पटेल ढाबा के पास एक ट्रेलर खड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में कच्चा आयरन लोड है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

जांच के दौरान ट्रेलर में चालक समेत दो लोग मौजूद मिले। आरोपियों की पहचान नंदू वर्मा और हरेन्द्र कुमार गोंड उर्फ अभय के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि माल को पूंजीपथरा क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी थी।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस ने जब कच्चे आयरन के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो दोनों आरोपी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान वे संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए।

पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रेलर समेत करीब 8 टन पॉयलट गोली जब्त कर ली और दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अवैध नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कच्चा आयरन कहां से लाया गया था और किस औद्योगिक इकाई में इसे खपाने की तैयारी थी। इसके साथ ही अवैध परिवहन और खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध कबाड़, औद्योगिक सामग्री के परिवहन और संग्रहण में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेजों के इस तरह की सामग्री का परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button