बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, माओवादियों का हथियार-विस्फोटक डम्प बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सघन सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन के नीचे छुपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के एक बड़े डम्प का पता लगाया है। इससे माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।
जानकारी के मुताबिक थाना उसूर क्षेत्र के कर्रेगुट्टा हिल्स स्थित डोलीगुट्टा चोटी इलाके में कोबरा 204 और सीआरपीएफ 196 की संयुक्त टीम एफओबी ताड़पाला घाटी के घने जंगलों में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्थानों की खुदाई करने पर माओवादियों द्वारा छुपाई गई हथियार मरम्मत सामग्री, बीजीएल सेल बनाने से जुड़ा सामान और विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो प्रेशर आईईडी भी बरामद किए, जिन्हें जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया गया था। कोबरा 204 की बम निरोधक टीम ने पूरी सतर्कता के साथ दोनों आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इससे किसी बड़ी घटना को टाल दिया गया।
बरामद सामग्री में हैंड फ्लाई प्रेस, बड़ी संख्या में बीजीएल सेल (बड़े, मध्यम और छोटे), बीजीएल टेल, स्टील प्लेट, स्क्रू ड्राइवर, हैक्सा ब्लेड, प्लायर और हथियारों की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य उपकरण शामिल हैं। इससे साफ है कि माओवादी इस इलाके में लंबे समय तक सक्रिय रहने की तैयारी कर रहे थे।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जवानों की सतर्कता और आपसी तालमेल से माओवादियों की योजना को विफल किया गया है। यह कार्रवाई इलाके में शांति और सुरक्षा बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
फिलहाल क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर बुलाया गया है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को माओवादियों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत सुरक्षा बलों को सूचित करें।





