मनेन्द्रगढ़: बच्ची के अपहरण मामले में पुलिस ने दिखाई फुर्ती, बच्ची सुरक्षित बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़ जिले के चैनपुर इलाके में एक बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल ढूंढ निकाला है। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना रविवार की है, जब बच्ची रोज़ की तरह अपने घर के बाहर खेल रही थी। उस वक्त परिवार के बाकी लोग पास में नहीं थे। तभी एक शख्स साइकिल से आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
परिजन जब काफी देर तक बच्ची को नहीं देख पाए तो उन्होंने आसपास ढूंढा, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी बच्ची को साइकिल पर ले जाते हुए दिखा। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मनेन्द्रगढ़ से सटे लालपुर इलाके से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को भी मौके से पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस की तेज़ कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।




