ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का बना लें वीडियो, एप पर शेयर करते ही पुलिस काट देगी चालान…

रायपुर। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर सड़क पर फर्राटे भरने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं। आम नागरिक अब ऐसे चालकों का फोटो या वीडियो बनाकर ट्रैफिक पुलिस के एम परिवहन एप पर अपलोड कर पुलिस की मदद कर सकेंगे।

पुलिस इसके आधार पर लापरवाह चालकों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। दरअसल, पुलिस का एम परिवहन एप का नया वर्जन लागू हो चुका है। सोमवार को ‘ट्रैफिक प्रहरी’पोस्टर का एसएसपी संतोष सिंह ने विमोचन कर इस एप का शुभारंभ किया।

एनआईसी द्वारा तैयार एम परिवहन एप का नया वर्जन केरल और ओडिशा के बाद अब छत्तीसगढ़ में लागू किया गया है। इस एप के सिटिजन सेंटिनल (ट्रैफिक पहरी) पर अब कोई भी आम नागरिक बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले, तीन सवारी, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों, आम सड़क, नो पार्किंग जोन में पार्क वाहन, वाहन में गलत तरीके से नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालो का फोटो-वीडियो बनाकर रिपोर्ट कर सकता है।

आम लोग भी कर सकेंगे भागीदारी

ट्रैफिक पुलिस तत्काल ऐसे वाहन चालक का ई-चालान बनाकर मोबाइल नंबर या वाहन चालक के पते पर भेज कर वैधानिक कार्रवाई करेगी। एसएसपी संतोष सिंह ने बताया कि ट्रैफिक प्रहरी बनकर कोई भी आम नागरिक यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालको का फोटो, वीडियो एप के जरिए उपलब्ध कराकर पुलिस की मदद कर सकता है।

फोटो, वीडियों भेजने वाले का नाम, पता गुप्त रखा जाएगा। यातायात पुलिस ने रायपुर के आम नागरिकों के अपील की है कि वे सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की फोटो खींचकर या वीडियो बनाकर इस एप पर शेयर करें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

अधिक से अधिक लोग ऐप करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने अधिक से अधिक लोगों को इस ऐप का प्रयोग करने और दूसरे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। पोस्टर विमोचन और एप के शुभारंभ मौके पर एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी ट्रैफिक डॉ. अनुराग झा, डीएसपी ट्रैफिक सतीश सिंह ठाकुर, गुरजीत सिंह और सुशांतो बनर्जी, प्रधान आरक्षक कमलेश वर्मा, शहदेव वर्मा आदि मौजूद थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button