CG में टला बड़ा रेल हादसा: मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, 3 घंटे बाद ट्रैक बहाल

कोरबा। कोरबा जिले के कुसमुंडा स्थित कामका साइडिंग में मंगलवार शाम बड़ा रेल हादसा टल गया। कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते चालक और कर्मचारियों की नजर घटना पर पड़ गई, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी में कोयला लोड किया जा रहा था। इसी दौरान इंजन के पहिए अचानक ट्रैक से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल राहत और मरम्मत कार्य शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक कोयला लोडिंग और परिवहन प्रभावित रहा।

घटना के बाद रेलवे की ATR टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने पटरी से उतरे इंजन को दोबारा ट्रैक पर लाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद इंजन के पहियों को वापस पटरी पर चढ़ाया जा सका। इस दौरान कर्मचारियों ने लगातार ट्रैक की जांच और तकनीकी सुधार का काम किया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही ATR टीम ने तत्काल कार्रवाई की और स्थिति को जल्द नियंत्रण में ले लिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य रेलवे परिवहन व्यवस्था पर इस घटना का ज्यादा असर नहीं पड़ा।

फिलहाल रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक संबंधी समस्या को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक निरीक्षण को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button