तोरवा में सीमांकन रिपोर्ट में बड़ा फर्जीवाड़ा, महिला के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन पर कब्जे की कोशिश

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सीमांकन रिपोर्ट में फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई। पीड़िता मीना गंगवानी की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी महिला को बनाकर पेश किया गया मीना गंगवानी
मीना गंगवानी ने शिकायत में बताया कि उनके पति रामचंद गंगवानी की मृत्यु के बाद खसरा नंबर 445, रकबा 0.0360 हेक्टेयर की विरासती जमीन उनके नाम पर दर्ज है। इस जमीन को लेकर अशोक उबरानी से काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि उबरानी ने डुलाराम मोटवानी को आम मुख्तियार बनाकर साजिश रची। डुलाराम ने नरेन्द्र, महेन्द्र और राजेन्द्र मोटवानी के साथ मिलकर फर्जी शपथ पत्र और आवेदन देकर मीना के नाम से सीमांकन रिपोर्ट तैयार करवा ली।
10 मार्च 2022 को किसी अन्य महिला को मीना गंगवानी बनाकर तहसील कार्यालय में पेश किया गया और नकली हस्ताक्षर कर आदेश भी निकलवा लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने बाउंड्रीवाल तोड़कर जमीन कब्जाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में IPC की धारा 34, 420, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





