विधानसभा में बड़ा फैसला: धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक वापस, कई नए बिल सर्वसम्मति से पारित

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को अहम विधायी फैसले लिए गए।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने राज्यपाल द्वारा लौटाए गए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक, 2006 पर विचार का प्रस्ताव रखा। चर्चा के बाद आसंदी ने सरकार को यह विधेयक वापस लेने की अनुमति दे दी।
कई संशोधन विधेयक सर्वसम्मति से पारित
इसके अलावा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 के पुनर्स्थापन का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
वहीं मंत्री ओपी चौधरी ने:
- छत्तीसगढ़ नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक, 2026
- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक, 2026
के पुनर्स्थापन प्रस्ताव पेश किए, जिन्हें भी विधानसभा में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई।
अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू
इन विधेयकों के पारित होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू हुई, हालांकि इस दौरान विपक्ष ने चर्चा में हिस्सा नहीं लिया।
इस सत्र में एक ओर जहां पुराना विधेयक वापस लिया गया, वहीं दूसरी ओर कई महत्वपूर्ण संशोधन विधेयकों को तेजी से पारित किया गया, जो राज्य की नीतियों और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का संकेत देते हैं।





