रायगढ़ में मेंटेनेंस कार्य के चलते चार घंटे बंद रहेगी बिजली सप्लाई, अस्पताल समेत कई इलाके प्रभावित

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में बिजली मेंटेनेंस और खुले तारों को कवर्ड तारों में बदलने के कार्य के कारण गुरुवार को करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान जिला अस्पताल, नगर निगम सहित शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत 11 केवी के खुले तारों को सुरक्षित कवर्ड तारों में बदला जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत 33/11 केवी संभागीय कार्यालय उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 11 केवी अस्पताल फीडर की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद की जाएगी।
बिजली विभाग के अनुसार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। इस दौरान जिला अस्पताल, नगर निगम, टाउन हॉल क्षेत्र, अग्रसेन चौक से सुभाष चौक मार्ग, संजय मार्केट, बालाजी कपड़ा बाजार और अन्नपूर्णा ट्रेडर्स रोड प्रभावित रहेंगे।
इसके साथ ही 33 केवी लाइन के अंतर्गत आने वाले ग्रैंड मॉल और गैलेक्सी मॉल की बिजली सप्लाई भी बंद रहेगी। विभाग ने बताया कि तकनीकी कारणों से समय में बदलाव भी किया जा सकता है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेज गर्मी शुरू होने से पहले यह कार्य कराया जा रहा है, क्योंकि अधिक तापमान में खंभों और तारों पर काम करना कर्मचारियों के लिए कठिन हो जाता है। इसी वजह से समय रहते मरम्मत और सुधार कार्य किया जा रहा है।
बिजली कटौती के कारण आम लोगों को अस्थायी रूप से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन विभाग का कहना है कि यह कार्य भविष्य में सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति के लिए जरूरी है। फिलहाल शहर के तीन फीडरों पर यह काम जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।





