MAHAMAYA MANDIR CHORI: महामाया मंदिर में दानपेटी से चोरों ने पार किए दो लाख

बिलासपुर। अकलतरा (छत्तीसगढ़) में स्थित प्रसिद्ध महामाया मंदिर में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मध्य रात्रि के समय चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर पैसा पार कर दिया।
मंदिर के पुजारी ने पुलिस को बताया, कि रोज की तरह रात को ताला मारकर गया हुआ था। सुबह जब पुजारी पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि गेट की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो दान पेटी का ताला भी टूटा हुआ था और जमीन पर कुछ सिक्के बिखरे पड़े थे, जबकि 2 लाख रुपए के नोट गायब थे।
इस घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही चोरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।





